गुना में एक साल पहले गहने चुराने वाला पकड़ाया:बस में महिला के बैग से निकाले थे; पुलिस ने शिवपुरी से पकड़ा चोर

गुना शहर के जज्जी बस स्टैंड पर बस में सवार महिला के बैग से गहने और नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने एक साल बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब दो लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस ने की है। बस में बैग रखकर नीचे उतरी थी महिला रीना राव (35) निवासी फतेहगढ़, जिला गुना ने गुना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 अगस्त 2025 को वह गुना के जज्जी बस स्टैंड से फतेहगढ़ जाने के लिए बस में बैठी थी। बस के चलने से पहले वह अपना बैग सीट पर रखकर कुछ समय के लिए नीचे उतर गई थी। फतेहगढ़ पहुंचने पर बैग से गायब मिले गहने फतेहगढ़ पहुंचने के बाद जब महिला ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और 16 हजार रुपए नकद गायब मिले। महिला को संदेह था कि जज्जी बस स्टैंड पर बैग बस में रखे रहने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली। अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ था मामला महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कोतवाली पुलिस ने बताया कि एसपी अंकित सोनी के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में इस चोरी के मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू किए गए। सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से अज्ञात आरोपी की पहचान की गई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान शिवपुरी जिले के कोलारस निवासी शाहिद खान के रूप में की। पहचान के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जाती रही। मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाहिद पुत्र अकरम खान (26) निवासी कोलारस, जिला शिवपुरी को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने महिला के बैग से गहने और नकदी चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही से दो लाख के जेवर बरामद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद किए। इनमें सोने के छोटे-छोटे पांच पेंडल, नथ, बिंदिया, चांदी की पायलें और कमर का गुच्छा शामिल है। जब्त किए गए जेवरों की कुल कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है। पुलिस टीम की अहम भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एसआई कुशल पाल, एएसआई हरिचरण मीणा, प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा, आरक्षक नरेंद्र रघुवंशी, हाकिम यादव, महावीर रघुवंशी सहित साइबर सेल की विशेष टीम के आरक्षक कुलदीप यादव, भूपेंद्र खटीक, अभयराज रघुवंशी, नीलेश रघुवंशी, राजीव रघुवंशी, संजय जाट, नवदीप अग्रवाल और आदित्य सिंह कौरव की अहम भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *