ग्वालियर में एक बदमाश ने युवक पर फायरिंग की। बदमाश ने गोली चलाने से पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी लगाई- “COMING SOON–307” (आईपीसी की धारा 307 हत्या के प्रयास से जुड़ा है)। इसके ठीक एक घंटे बाद उसने एक युवक का रास्ता रोककर कट्टे से गोली चला दी। युवक समय रहते हट गया, जिससे गोली उसके पैर में लगी। यह घटना गुरुवार रात हजीरा थाना क्षेत्र के कांचमिल इलाके की है। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। रंगदारी को लेकर हुआ विवाद घायल युवक की पहचान कांचमिल पंजाब वाली गली निवासी मोनू उर्फ टमाटर, पिता धर्मेन्द्र राठौर के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। गुरुवार रात वह किसी काम से जा रहा था। भोले बाबा मंदिर के पास विक्की उर्फ आदित्य सिकरवार ने उसका रास्ता रोका और रंगदारी को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कमर से कट्टा निकालकर गोली चला दी। मोनू ने बचने की कोशिश की, जिससे गोली उसके पैर में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि रंगदारी को लेकर उसका मोनू से विवाद चल रहा था। पुलिस पर भी कर चुका है फायरिंग पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि आरोपी विक्की उर्फ आदित्य सिकरवार करीब 1 साल पहले सिरोल क्षेत्र की एक शराब दुकान पर फायरिंग कर चुका है। उस दौरान पुलिस पीछा कर रही थी, तब आरोपी ने पुलिस पर भी फायरिंग की थी। सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि एक बदमाश द्वारा फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।


