कपूरथला में एक कश्मीरी शाल व्यापारी से दिनदहाड़े लूट हुई है। पीड़ित फरीद अहमद कुपवाड़ा के निवासी हैं, जो शाल व्यापार करते हैं। सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे वह गांव औजला जोगी से कपड़े की फेरी लगाकर रिक्शा पर अपने रूम की तरफ लौट रहे थे। गांव से लगभग 2 किलोमीटर दूर एक सुनसान जगह पर दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उनकी रिक्शा रोक ली। लुटेरों ने हाथापाई कर व्यापारी से लगभग 25 हजार के कपड़े, 8 हजार नकद और एक रेडमी फोन छीन लिया। पीड़ित ने बताया कि लुटेरों के पास एक दातर जैसा हथियार भी था। 23 दिन में दूसरी घटना
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी सब-डिवीजन दीपकरण सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इससे पहले 18 जनवरी को भी सुल्तानपुर लोधी में भी एक अन्य कश्मीरी कपडा व्यापारी से लूट की घटना हुई थी। उक्त घटना में भी बाइक सवारों ने 12,000 कैश और 35,000 के कपड़ों की गठरी लूटी थी। हालांकि जिला पुलिस ने 5 दिनों में सुलझाते हुए दो लुटेरों को काबू कर लिया था।


