बारां शहर के कोटा रोड इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा पर फायरिंग की घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन निशाना चूकने से वे बाल-बाल बच गए। शरद शर्मा ने बताया कि वे अपने घर से श्रीजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कोटा रोड पर एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया और फायरिंग की। हमले के बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूर्व जिलाध्यक्ष शर्मा ने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। उन्होंने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


