चंडीगढ़ प्रशासन ने डेपुटेशन पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों से आए करीब 2000 से अधिक डेपुटेशन कर्मचारियों और अधिकारियों को अब यूटी प्रशासन के नियमित कर्मचारियों के बराबर अलाउंस मिलेंगे। इनमें हाउस रेंट अलाउंस (HRA), ट्रांसपोर्ट अलाउंस, ट्रैवलिंग अलाउंस, ट्रांसफर अलाउंस और चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस शामिल हैं। चंडीगढ़ प्रशासन का यह फैसला 1 अप्रैल 2022 से प्रभावी होगा। इसके चलते कर्मचारियों को हर महीने 15 से 20 हजार रुपये तक अतिरिक्त लाभ मिलेगा, जबकि 3 से 5 लाख रुपये तक का एरियर भी मिलने की संभावना है। मार्च से मिलने की उमीद चंडीगढ़ प्रशासन के एडिशनल सेक्रेटरी (पर्सोनल) की ओर से इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि डेपुटेशन कर्मचारियों को नए नियमों के तहत अलाउंस जारी किए जाएं। मार्च से कर्मचारियों को नए अलाउंस मिलने की उम्मीद है। डेपुटेशन कर्मचारियों के अलाउंस का मामला लंबे समय से लंबित था। इसे लेकर कर्मचारी संगठनों ने कई बार चीफ सेक्रेटरी से लेकर चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के समक्ष मांग उठाई थी। लगातार प्रयासों और प्रशासक के हस्तक्षेप के बाद अब अलाउंस को लेकर स्थिति साफ हो गई है। हालांकि, चंडीगढ़ प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि डेपुटेशन अलाउंस अलग से नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में हरियाणा सरकार की ओर से भी पहले ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं।


