भास्कर न्यूज | लुधियाना श्री गुरु रविदास जी महाराज के 648वें प्रकाश पर्व पर मंगलवार को लुधियाना में श्रद्धा और भक्ति से सराबोर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्र-छाया में श्री गुरु रविदास मंदिर बस्ती जोधेवाल चौक से शुरू हुई इस शोभायात्रा में करीब 700 झांकियां, बैंड-बाजे, हाथी, घोड़े और कीर्तन जत्थे शामिल हुए। इसमें शहर के अलग-अलग मार्गों पर जो बोले सो निर्भेय, सतगुरु रविदास जी महाराज की जय की जयघोष से आकाश गूंजनीय हो उठा। मोहे न विसारो मैं जन तेरा की गूंज से लोग भक्ति के रंग में रंग गए। शोभायात्रा के मार्ग को आकर्षक गेटों, झंडियों और रोशनी से सजाया गया था, वहीं विभिन्न जत्थों द्वारा जगह-जगह लंगर लगाकर संगत की सेवा की गई। शोभायात्रा का उद्घाटन श्री गुरु रविदास मंदिर बस्ती जोधेवाल चौक के प्रधान जिंदरपाल दड़ौच ने किया। धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने इसमें हाजिरी भरी। शोभायात्रा घाटी वाल्मीकि, डिवीजन नंबर-3, सुबानी बिल्डिंग चौक, जगराओं पुल, रेलवे स्टेशन, घंटाघर चौक, चौड़ा बाजार और गौशाला रोड होते हुए वापस श्री गुरु रविदास मंदिर पहुंची, जहां झांकियों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में प्रधान जिंदरपाल दड़ौच ने सभी को प्रकाश पर्व की बधाई दी। बुधवार को सुबह 10:30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे। फिर आरती, कीर्तन दरबार और दोपहर 1 बजे प्रसिद्ध गायक फिरोज खान व रणजीत राणा गुरु जस गायन प्रस्तुत करेंगे। लुधियाना| धांधरा रोड भगत सिंह नगर गुरुद्वारा श्री सिंह सभा से भगत रविदास के प्रकाश पर्व पर विशाल नगर कीर्तन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में निकाला। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान भूपिंदर सिंह ने बताया कि यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर पुरे इलाके में निकाला गया। इसमें सभी इलाके की संगत ने नगर कीर्तन का स्वागत फूलों की वर्षा के साथ किया। इस मौके पर तीर्थ सिंह, बलबीर सिंह सराभा, नछतर सिंह, बलवंत सिंह, मनमोहन सिंह, स्वर्ण सिंह भी शामिल थे।


