भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिले के ग्राम संडी स्थित सिद्धि शक्ति पीठ सिद्धि माता मंदिर परिसर एवं उसके आसपास क्षेत्र में पशु बलि व अन्य गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर सर्व ब्राह्मण समाज, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में समाज ने बताया कि विगत कुछ माह से मंदिर परिसर, संडी मार्ग एवं आसपास के खेतों में बाहर से आने वाले लोगों द्वारा बड़ी संख्या में बकरों की बलि दी जा रही है। बलि के उपरांत वहीं खुलेआम मांस और शराब का सेवन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। समाज ने कहा कि हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किसी भी पवित्र स्थल पर बलि प्रथा वर्जित है, इसके बावजूद ऐसी गतिविधियां लगातार जारी हैं। सर्व ब्राह्मण समाज ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में इस तरह की असामाजिक गतिविधियों के विरोध में प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, जिसके बाद एसडीओपी की समझाइश से कुछ समय तक स्थिति नियंत्रित रही। ज्ञापन सौंपने वालों में लेखमणि पाण्डेय, जितेंद्र शुक्ला, दीपक पाण्डेय, डॉ. शिवेंद्र त्रिपाठी, राकेश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। सर्व ब्राह्मण समाज दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की ज्ञापन में 3 फरवरी को शिवगंगा सलधा आश्रम के सामने स्थित जंजरी बलि मंदिर परिसर में अन्य ग्राम से आए लोगों द्वारा पुनः बकरों की बलि देने के प्रयास का हवाला दिया गया, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। सर्व ब्राह्मण समाज ने प्रशासन से मंदिर परिसर एवं आसपास क्षेत्र में बलि, शराबखोरी व अन्य अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।


