भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के शीतला वार्ड स्थित जोड़ा तालाब में घर से लापता एक युवक का शव शुक्रवार को पानी के ऊपर बहता मिला। परिजन उसे तलाश रहे थे। युवक बुधवार शाम को घर से निकला था और फिर नहीं लौटा। लोगों ने पुलिस को सूचना दी, तब तक लोगों ने शव को तालाब से बाहर निकाल दिया था। सूचना पर पुलिस दलबल के साथ पहुंची। युवक की पहचान पुरुषोत्तम यादव के रूप में हुई। युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। पुलिस ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। संभावना जताई जा रही है कि वह बुधवार शाम को घर से निकलने के बाद नशे में तालाब में गिर होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। मृतक मूल रूप से सिंगिटाना लखनपुर का निवासी है और वर्तमान में वह जोड़ा तालाब के पास ही अपने एक रिश्तेदार के यहां रहकर बिजली का काम करता था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है।


