झारखंड के गोड्डा जिले में आदिवासी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। राजाभीठा थाना क्षेत्र में रतनपुर साप्ताहिक हाट से लौट रही महिला को केड़ोंकुप्पी गांव के पास बाइक सवार दो युवकों ने रोका और सुनसान मैदान में ले जाकर बारी-बारी से बलात्कार किया। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों को आता देख आरोपी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने महिला की मदद की और इलाज कराया। पुलिस बोली- समझौता कर लो जानकारी के मुताबिक शनिवार की देर शाम की इस घटना के बाद पीड़िता राजाभीठा थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने महिला से आरोपियों के साथ समझौता करने की सलाह दी। SP के हस्तक्षेप के बाद हुआ एक्शन थक हार कर पीड़िता ने गोड्डा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नेथानी से गुहार लगाई। एसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस हरकत में आई और एक आरोपी विशाल पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया। एसपी नेथानी ने बताया कि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।


