चूरू के डीबी अस्पताल में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को नया जीवनदान मिला है। राजलदेसर की रहने वाली नोरती देवी रात में गिरने से कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। उनके बेटे पवन कुमार ने पहले रतनगढ़ में दिखाया, जहां से डॉक्टरों ने जयपुर या बीकानेर रेफर कर दिया। 4 फरवरी को डीबी अस्पताल में डॉ. राजेंद्र रोयल के पास लाया गया। जांच में पता चला कि मरीज को हार्ट, किडनी और लिवर की भी समस्या है। फिजीशियन की सलाह के बाद 7 फरवरी को मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. महेश मोहन पुकार के सुपरविजन में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. राजेंद्र रोयल और डॉ. राजेश शर्मा की टीम ने ढाई घंटे का सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन में एनेस्थेटिक डॉ. दीपक चौधरी, डॉ. सुमन चौधरी, डॉ. सुमन भड़िया और नर्सिंग ऑफिसर सुशीला, इदरीश भी शामिल थे। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में सुधार है और उन्हें बैठने व करवट लेने में सक्षम बनाया गया है। विशेष बात यह है कि डॉ. एम.एम. पुकार के प्रिंसिपल बनने के बाद अब चूरू मेडिकल कॉलेज में जयपुर-बीकानेर जैसे बड़े ऑपरेशन भी होने लगे हैं। निजी अस्पताल में इस तरह का ऑपरेशन एक लाख रुपए से अधिक का पड़ता है, लेकिन डीबी अस्पताल में यह निःशुल्क किया गया।


