भास्कर न्यूज। धौलपुर राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश को नई 108 आयुष्मान एंबुलेंस की सौगात दी है। उनमें से जिले को दो एंबुलेंस प्राप्त हुई है। जिनमें एक एंबुलेंस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नादनपुर के लिए तथा एक एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंपऊ को दी गई है। सोमवार को जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयंती लाल मीणा ने दोनों एंबुलेंस को हरी झंड़ी दिखाकर गंतव्य को रवाना किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि बीमार,घायल या दुर्घटनाग्रस्त के लिए एंबुलेंस जीवनदायिनी का कार्य करती है। जरूरतमंद को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसका जीवन बचाया जा सकता है। सीएमएचओ डॉ. मीणा ने कहा कि 108 एंबुलेंस मिलने से संबंधित क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन स्थिति में तत्काल चिकित्सा संस्थानों पर पहुंचने की सुविधा मिलेगी।


