इंदौर में विद्यापति जयंती पर सजेगा मिथिला महोत्सव:8 फरवरी को लोक संस्कृति का उत्सव, दिखेगी मिथिला की सांस्कृतिक यात्रा

मिथिला की समृद्ध लोक-संस्कृति, सुमधुर गीत-संगीत और सामाजिक एकता का जीवंत उत्सव 8 फरवरी को इंदौर में आयोजित होने जा रहा है। शहर के अप्रवासी मैथिल समाज की प्रतिष्ठित संस्था विद्यापति परिषद, इंदौर द्वारा महाकवि विद्यापति जयंती समारोह का भव्य आयोजन आनंद मोहन माथुर सभागार, विजय नगर में किया जाएगा। इस सांस्कृतिक समारोह के मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट होंगे। परिषद के मार्गदर्शक लक्ष्मण झा एवं विजय झा, अध्यक्ष सुमन झा तथा महासचिव कालीकांत पोद्दार ने बताया कि समारोह अपरान्ह 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगा। शुभारंभ सत्र के बाद होंगी प्रस्तुतियां शुभारंभ सत्र के पश्चात स्थानीय मैथिल कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को मिथिलामय बनाएंगे। वहीं, संध्या 5 बजे के बाद मिथिला के प्रसिद्ध कलाकार माधव राय, राधे भाई, ज्योति प्रिया, चांदनी झा ‘चकोर’ एवं गौरव झा मैथिली लोकगीतों, रीति-रिवाजों और संस्कारों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मिथिला की सांस्कृतिक यात्रा पर ले जाएंगे। शहर के मैथिल समाज के वरिष्ठ समाजसेवी केके झा ने बताया कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य इंदौर में निवासरत हजारों मैथिल परिवारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जिससे सामाजिक समरसता, आपसी मेल-जोल और सामुदायिक एकता को और अधिक मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल सांस्कृतिक मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि मिथिला की भाषा, परंपराओं, लोक-संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक सशक्त और सार्थक पहल भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *