कोटा में 11वीं कक्षा के एक छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रेलवे ट्रैक तक पहुंचे, लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना उद्योग नगर क्षेत्र के दिल्ली-मुंबई ट्रैक के पास शनिवार दोपहर एक बजे की है। मृतक की पहचान प्रेम नगर सेकेंड निवासी गौरव मेघवाल (16) के रूप में हुई है। प्रेम नगर में ही निजी स्कूल में 11वीं क्लास का छात्र था। पुलिस के मुताबिक, दो दिन से स्कूल नहीं जा रहा था, किसी बात को लेकर परेशान था। परिजन पहुंचे तब तक छात्र कर चुका था सुसाइड जब छात्र घर से निकला तो रेलवे ट्रैक पर छात्र के पीछे-पीछे उसके परिजन भी पहुंचे तब तक छात्र सुसाइड कर चुका था। जिसकी सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। जहां परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, फिर शव परिजनों को सौंप दिया। सुसाइड का कारणों का नहीं चला पता उद्योग नगर थाने के एएसआई रंजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जांच की जा रही है। परिजन भी घटना के बाद मौके पर मौजूद थे। फिलहाल पुलिस परिजनों से बातचीत कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।


