भास्कर न्यूज | मगनपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय पुरबडीह से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को लेकर शनिवार को जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं के संयुक्त प्रयास से आयोजित रैली के माध्यम से ग्रामीणों को फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसी गंभीर बीमारी के खतरों के प्रति सचेत किया गया। जानकारी के अनुसार 10 से 25 फरवरी तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। रैली के दौरान बच्चों ने गांव-मोहल्लों का भ्रमण करते हुए ग्रामीणों को जानकारी दी कि आगामी 10 से 25 फरवरी तक फाइलेरिया रोधी दवा सेवन का अभियान चलाया जाएगा। हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए छात्रों ने हाथीपांव से बचाव की दवाई खाई क्या और 10 से 25 फरवरी याद रखना। दवाई मुफ्त मिलती है। जैसे नारों के साथ पूरे क्षेत्र को जागरूक किया। संक्रमित कड़ी को तोड़ना जरूरी। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता कुमारी ने कहा कि फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाला एक संक्रामक रोग है। यदि समय पर इसकी दवा न ली जाए, तो यह शरीर में आजीवन विकलांगता (हाथीपांव) पैदा कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और सामूहिक दवा सेवन से ही इस बीमारी की शृंखला को तोड़ा जा सकता है। स्वस्थ समाज और बीमारी मुक्त भविष्य के संकल्प के साथ रैली निकाली गई। रैली में मुख्य रूप से शिक्षक यशोदा कुमारी, सोनाली कुमारी, अध्यक्ष अक्षय कुमार महतो, सहिया दीदी मिथिला देवी, आयशा खातून सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


