एसएसपी रूपनगर के चाचा के साथ चोरी, 36 दिन बाद पर्चा

लुधियाना| सराभा नगर इलाके में एक आईपीएस अधिकारी के चाचा के साथ चोरी की वारदात हो गई। हैरानी की बात ये रही कि पीड़ित को एफआईआर दर्ज करवाने के लिए पूरे 36 दिन तक इंतजार करना पड़ा। इतना ही नहीं, लंबा इंतजार कराने के बाद भी पुलिस ने मामला अज्ञात आरोपी के खिलाफ ही दर्ज किया। मामले में तरलोचन सिंह निवासी सराभा नगर ने बताया कि उनके भतीजे आईपीएस अधिकारी गुलनीत सिंह खुराना हैं, जो वर्तमान में एसएसपी रूपनगर के पद पर तैनात हैं। तरलोचन सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर को दोपहर के समय वे अपनी एक्टिवा पर सवार होकर एएसजे अस्पताल, सराभा नगर गए थे। उन्होंने अस्पताल के बाहर अपनी एक्टिवा खड़ी की और अंदर चले गए। जब वे वापस लौटे तो जिस स्थान पर वाहन पार्क किया था, वहां एक्टिवा नहीं मिली। हालांकि उस समय उन्होंने इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया। करीब दो घंटे बाद जब उन्होंने एक्टिवा की डिग्गी चेक की तो उसमें रखे 40 हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद उन्होंने थाना डिवीजन-5 की पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने यह कहकर मामला दर्ज नहीं किया कि पहले आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा, उसके बाद केस दर्ज किया जाएगा। जबकि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी उपलब्ध थी। बावजूद इसके पुलिस आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा सकी। करीब 36 दिन बाद पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *