अमृतसर| खालसा कॉलेज के ‘मास्टर्स इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन’ (सत्र 2024-25) की छात्रा लवरोज कौर ने पत्रकारिता विषय में यूजीसी नेट की परीक्षा 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण कर संस्थान का नाम रोशन किया है। लवरोज कौर वर्तमान में कॉलेज में ही असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रही हैं। संस्थान के लिए गर्व का विषय इस शानदार उपलब्धि पर खालसा यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. महल सिंह और खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आत्म सिंह रंधावा ने छात्रा को विशेष रूप से बधाई दी। डॉ. महल सिंह ने कहा कि यह सफलता संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और शैक्षणिक मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। प्रिंसिपल डॉ. रंधावा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लवरोज की मेहनत और मीडिया शिक्षा के प्रति उनका समर्पण काबिले-तारीफ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवा शिक्षकों की ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं। विभाग में खुशी की लहर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की अध्यक्ष डॉ. सान्या मरवाहा ने लवरोज को एक मेहनती और समर्पित छात्रा बताया।


