सिविल लाइन में बने नया श्मशान घाट

भास्कर न्यूज | अमृतसर फोकल प्वाइंट इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन ने जिलाधीश दलविंदरजीत सिंह का ध्यान शहर में पिछले 75 वर्षों से केवल दो ही प्रमुख शिवपुरी (श्मशान घाट) होने की समस्या की ओर दिलाया है। जिलाधीश को भेजे पत्र में चेयरमैन कमल डालमिया व प्रधान संदीप खोसला ने प्राथमिकता के आधार पर सिविल लाइन एरिया में कम से कम एक नया श्मशान घाट स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंदरूनी शहर के अधिकांश व्यापारियों और आम लोगों के सिविल लाइन एरिया में शिफ्ट हो जाने के कारण इस क्षेत्र की आबादी में काफी इजाफा हुआ है। आबादी बढ़ने के परिणामस्वरूप सिविल लाइन क्षेत्र में यातायात (ट्रैफिक) की समस्या भी गंभीर हो गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिकांश सिख समुदाय द्वारा गुरुद्वारा शहीदां के सामने स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया जाता है, जबकि हिंदू धर्म के अधिकांश लोगों द्वारा दुर्ग्याणा मंदिर स्थित शिवपुरी का उपयोग किया जाता है। पिछले 75 सालों से यही दो प्रमुख स्थान उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सिविल लाइन एरिया में अक्सर जाम की स्थिति रहने के कारण शव यात्रा को श्मशानघाट तक ले जाने में कई घंटे लग जाते हैं। उन्होंने मांग की कि सिविल लाइन एरिया में न केवल श्मशान घाट, बल्कि अंतिम अरदास, रस्म चौथा व उठाला जैसी रस्मों के लिए कम्युनिटी हॉल भी स्थापित करने की आवश्यकता है। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से समाज की इस जायज मांग को जल्द से जल्द पूरा करने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *