रांची सहित राज्यभर के मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। रांची में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव होने से कभी ठंड बढ़ जाती है तो कभी गर्मी। बुधवार को रांची के तापमान में जोरदार उछाल देखने को मिला। दिन का अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान भी 2.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 16.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन में तीखी धूप से अप्रैल-मई की गर्मी जैसा मौसम हो गया। इधर, मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, अगले पांच दिन तक दिन और रात के तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह में धुंध, इसके बाद आसमान साफ रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम हवा चलने से हल्की ठंड का अहसास होगा। 16 जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार फरवरी में ही राज्य के 16 जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। बुधवार को अधिकतर जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। कई जिलों का तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया गया। पिछले दो दिनों में अचानक तापमान बढ़ने से एक बार फिर ठंड-गर्म का असर लोगों पर दिख रहा है। सर्दी-खांसी की समस्या बढ़ गई है।


