गढ़वा में कुम्भ जा रही एसयूवी में ट्रक ने मारी टक्कर, हटिया के श्रद्धालु की मौत; 7 घायल

गढ़वा में मेराल के लातदाग गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा हुआ। एनएच-75 पर अहले सुबह करीब 3.30 बजे प्रयागराज जा रही इनोवा को रॉन्ग साइड से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में हटिया (रांची) के शंभु कुमार राय (55) की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए हैं। इनमें शंभु कुमार राय की पत्नी राधा देवी (50), बेटी स्नेहा कुमारी (25), बेटा आदित्य सिंह (13), अरविंद कुमार (46), संदीप कुमार राय (36), अखिलेश यादव (27) व एक अन्य शामिल हैं। सूचना पर मेराल पुलिस पहुंची। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पर, डॉक्टरों ने शंभु कुमार राय को मृत घोषित कर दिया। यहां से घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया। तीन यात्रियों की स्थिति गंभीर है। परिजन उन्हें रांची ले गए हैं। इधर, सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शंभु कुमार राय का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घायल की जुबानी… रॉन्ग साइड से आए कोयले लदे ट्रक ने मारी टक्कर घायल संदीप कुमार राय ने बताया कि वे लोग कुम्भ स्नान के लिए हटिया से रात करीब 10 बजे निकले थे। गाड़ी पर ड्राइवर समेत 8 लोग थे। प्लान था 12 फरवरी के शुभयोग में महाकुम्भ स्नान करेंगे। बरही-चौपारण में जाम लग रहा था, इसलिए गढ़वा के रास्ते जा रहे थे। गढ़वा के मेराल में लातेदाग गांव के पास एक ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था। ट्रक पर कोयला लदा था। ड्राइवर कुछ समझ पाता, तबतक ट्रक ने हमारी गाड़ी को टक्कर मार दी। शंभु कुमार राय आगे की सीट पर थे। उन्हें ज्यादा चोट लगी थी। उनकी मृत्यु हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *