स्टेशनरी दुकान में चोरी कर भड़काऊ नोट छोड़ने वाला गिरफ्तार:छतरपुर में वीडियो सामने आने पर पकड़ाया; आरोपी पर 4 जिलों में 9 मामले

छतरपुर में सिविल लाइन पुलिस ने सटई रोड स्थित एक स्टेशनरी दुकान में हुई चोरी के मामले में एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जनवरी माह में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और लोगों व पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से एक नोटबुक में भड़काऊ बातें लिखकर छोड़ी थीं। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पहचान के बाद पुलिस ने दमोह जिले के बड़ा मलहरा थाना क्षेत्र सहित कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी अखिलेश लोधी पुत्र मूरत सिंह, निवासी ग्राम इमलीडोल बारह, थाना तेंदूखेड़ा, जिला दमोह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की गई नकद राशि भी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी अखिलेश लोधी ने स्वीकार किया कि उसने ताला तोड़कर और शटर खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसने जानबूझकर भड़काऊ बातें लिखकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जबलपुर, दमोह, पन्ना और नरसिंहपुर जिलों में चोरी के 9 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन सतीश सिंह, उप निरीक्षक वीरेंद्र परस्ते, प्रधान आरक्षक तुलसी मौर्य, जयवेदी, राजू वर्मा, आरक्षक देवीदयाल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *