बिजली चालू होने से पहले ही ग्रामीणों को मिले बिल:उमरिया के बिछिया में बिना कनेक्शन आए बिल; ग्रामीण बोले-मीटर लगे, तार नहीं जुड़े

उमरिया जिले के करकेली विकासखंड स्थित बिछिया गांव में बिजली आपूर्ति शुरू होने से पहले ही ग्रामीणों को बिजली के बिल मिल गए हैं। जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर इस गांव के लोग इस स्थिति से हैरान हैं, क्योंकि उनके घरों में अभी तक बिजली कनेक्शन चालू नहीं हुए हैं। आजादी के बाद पहली बार गांव में बिजली पहुंचाने का काम चल रहा है। गांव में बिजली के खंभे और घर-घर मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन तारों को जोड़ने का कार्य अभी जारी है। अधिकांश घरों में बिजली कनेक्शन चालू नहीं हुए हैं, इसके बावजूद ग्रामीणों के मोबाइल पर बिजली विभाग की ओर से बिल के मैसेज आ गए हैं। बिजली शुरू बिना ही ग्रामीणों को बिल भेजे बिल के मैसेज मिलने के बाद ग्रामीण एक-दूसरे से जानकारी लेने लगे। ग्रामीण नरेश सिंह ने बताया कि उनके घर में मीटर तो लग गया है, लेकिन बिजली कनेक्शन अभी शुरू नहीं हुआ है, फिर भी बिल आ गया है। कोमल सिंह ने जानकारी दी कि गांव में सौ से अधिक मीटर लगाए गए हैं, पर केवल दो घरों में ही बिजली की लाइन चालू हुई है। इसके बावजूद सभी उपभोक्ताओं को बिल भेज दिए गए हैं। तकनीकी प्रक्रिया से भेजे बिल, जांच के निर्देश जारी इस मामले पर बिजली विभाग के अधिकारी योगेश उइके ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि यह तकनीकी प्रक्रिया के कारण हुआ है और कार्य अभी प्रगति पर है। उइके ने यह भी कहा कि ग्रामीणों को पहले महीने के बिल में छूट दी जाएगी। विभाग ने पूरे मामले की जांच के निर्देश भी जारी किए हैं। बिजली आपूर्ति शुरू होने से पहले ही बिल मिलने से बिछिया के ग्रामीण परेशान हैं और वे इस समस्या का जल्द समाधान चाहते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *