तापमान बदलने का असर चने की फसल पर:सुबह कोहरा, शाम को ठंडक; किसानों बोल- कम पैदावार का डर सता रहा

धार शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रविवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे ठंड का असर बना हुआ है। सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। मौसम में लगातार बदलाव से चने की फसल प्रभावित हो रही है। पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को बढ़कर 12.8 डिग्री हो गया। हालांकि, रविवार को यह फिर गिरकर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस अस्थिरता के कारण ठंड का प्रभाव बना हुआ है। मौसम में लगातार बदलाव का सीधा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ रहा है। जिले में बड़े पैमाने पर बोई गई चने की फसल प्रभावित हो रही है। सुबह का कोहरा और रात की ठंड फसल की बढ़वार को रोक रही है, जिससे पैदावार कम होने की आशंका है। किसानों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि ठंड और कोहरे का यह दौर जारी रहा, तो फसल को और नुकसान हो सकता है, जिससे उत्पादन घटने और आर्थिक स्थिति पर असर पड़ने की संभावना है। किसान आशीष पाटीदार ने बताया कि ठंड और नमी के कारण चने के पौधों की वृद्धि रुक गई है। फूल और फलियां गिरने की समस्या भी सामने आ रही है, जिससे इस बार पैदावार कम रहने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्का कोहरा और रात में ठंड का असर बना रह सकता है। विभाग ने किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने और आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाने की सलाह दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *