खरगोन में अप्राकृतिक कृत्य से मना करने पर हत्या:नाबालिग ने पत्थर से सिर कुचला; चोरी के 4 केस पहले से दर्ज

खरगोन जिले के कसरावद में एक सप्ताह पहले हुई 42 वर्षीय युवक की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, अप्राकृतिक संबंध बनाने से मना करने और लोगों को यह बात बताने की धमकी देने पर एक नाबालिग ने इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना 31 जनवरी की है। आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। रविवार दोपहर 2:30 बजे एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी की सुबह युवक का शव मिला था, जिसके शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। मृतक की शिनाख्त 42 वर्षीय राकेश पिता जयराम चौहान के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल, फिंगरप्रिंट, साइबर सेल तथा डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए। आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। शराब पी, फिर संबंध बनाने का दबाव बनाया पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले बाल अपचारी ने मृतक की मां के घर देर शाम शराब पी थी। बेड़ी क्षेत्र में नाबालिग ने मृतक को निर्वस्त्र कर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब मृतक ने मना किया और लोगों को यह बात बताने की धमकी दी, तो गुस्से में नाबालिग ने उस पर पत्थर से वार कर दिया। इसके बाद उसने राकेश का सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मानसिक रूप से कमजोर था मृतक मृतक के परिजनों ने बताया कि राकेश उर्फ राका मानसिक रूप से कमजोर था। राकेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं और उसका शव निर्वस्त्र मिला था। घटनास्थल पर काफी खून फैला हुआ था और खून से सने पत्थर भी पड़े थे। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) के तहत केस दर्ज किया है। नाबालिग पर चोरी के 4 केस दर्ज पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग पर चोरी के चार अलग-अलग मामले भी दर्ज हैं। वह आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है। एसडीओपी श्वेता शुक्ला और टीआई राजेंद्र बर्मन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले की जांच की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *