राजस्थान के बूंदी जिले के केशोरायपाटन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। वार्ड 20 की कच्ची बस्ती में रहने वाली सलमा बानो और उनकी बेटी के साथ तीन युवकों ने बेरहमी से मारपीट की। नाली में पानी डालने के मामूली विवाद को लेकर यह घटना हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तीनों आरोपी महिला को लात-घूंसों से बुरी तरह पीट रहे हैं। जब पीड़िता की बेटी अपनी मां को बचाने आई, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपी उन्हें पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। केशोरायपाटन थाना अधिकारी हंसराज मीणा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों आफताब, शोएब और अब्दुल हमीद को गिरफ्तार कर लिया है। मारपीट में महिला को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता ने अपने और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।


