बशीरपुरे की घटना, युवक अरेस्ट:युवती के घर के बाहर टैक्सी चालक का हंगामा, लोगों ने पकड़कर पीटा

भास्कर न्यूज | जालंधर बशीरपुरा इलाके में रविवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक ने एक लड़की के घर के बाहर आकर शोर-शराबा शुरू कर दिया। युवक की हरकतों से परेशान होकर इलाके की महिलाएं मौके पर इकट्ठा हो गईं और युवक को पकड़ लिया। महिलाओं ने युवक की पिटाई भी की, जिसके बाद उसे रामामंडी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़ित लड़की ने बताया कि कुछ समय पहले वह चंडीगढ़ किसी काम के सिलसिले में ऑनलाइन टैक्सी के जरिए अपने परिवार के साथ गई थी। इसी दौरान टैक्सी चालक युवक से पहचान हुई और बाद में बातचीत के चलते दोस्ती हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक लगातार उसे बाहर मिलने के लिए परेशान करने लगा। रविवार दोपहर युवक अचानक उसके घर पहुंच गया और बाहर खड़े होकर हंगामा करने लगा। लड़की ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। परिवार के सदस्य और मोहल्ले की महिलाएं मौके पर पहुंचीं और युवक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रामामंडी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। रामामंडी थाना के जांच अधिकारी एएसआई बलकरन सिंह ने बताया कि बशीरपुरा इलाके में युवक द्वारा लड़की के घर के बाहर हंगामा करने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है और लड़की व उसके परिवार को थाने बुलाया गया है। उनके बयानों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *