शहर की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की मुहिम जारी है। शहर के मुख्य रास्तों को जाम मुक्त करने के ट्रैफिक पुलिस सड़कों पर उतरकर कार्रवाई शुरू की। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य झुंझुनूं को प्रदेश के सबसे व्यवस्थित शहरों की श्रेणी में लाना है। ट्रैफिक इंचार्ज राधेश्याम सांखला ने बताया कि कार्रवाई की शुरुआत गांधी चौक से की गई। इसके बाद दस्ता बस स्टैंड, एक नंबर रोड और मंडावा रोड जैसे व्यस्ततम इलाकों में पहुंचा। रेहड़ी-खोका संचालकों पर गाज: बस स्टैंड के पास सड़क घेरे खड़ी रेहड़ियों और अस्थायी खोकों को पीछे करवाया गया। रास्ते हुए साफ: मंडावा रोड और एक नंबर रोड पर सालों से जमे अतिक्रमण को हटाकर रास्तों को सुगम बनाया गया। पार्किंग के लिए मास्टर प्लान तैयार प्रशासन केवल हटाने की कार्रवाई ही नहीं कर रहा, बल्कि समाधान पर भी काम कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार शहर में सरकारी और निजी जमीनों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही कई जगहों पर व्यवस्थित पार्किंग जोन बनाए जाएंगे ताकि वाहन चालकों को सड़क पर गाड़ियां न खड़ी करनी पड़ें। टी आई राधेश्याम ने कहा कि हमारा लक्ष्य झुंझुनूं को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाना है। यह कार्रवाई कोई एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि एक सतत मुहिम है जो हमेशा जारी रहेगी। दुकानदार: अपना सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखें। फुटपाथ ग्राहकों के चलने के लिए हैं, सामान सजाने के लिए नहीं। सड़कों पर वाहन खड़े कर जाम की स्थिति पैदा न करें, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। अक्सर देखा जाता है कि दुकानदार फुटपाथ पर कब्जा कर लेते हैं, जिससे ग्राहक सड़क पर खड़े होने को मजबूर होते हैं। इससे न केवल दुर्घटना का अंदेशा रहता है, बल्कि आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित होता है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दोबारा फुटपाथ घेरे गए, तो भारी जुर्माना वसूला जाएगा।


