पाकिस्तान से लाई गई 25 किलो हेरोइन बरामद मामला:दराणी-जेठानी गिरफ्तार, अजनाला अदालत में पेश, तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला

पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई 25 किलो हेरोइन के मामले में अमृतसर देहाती पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना भिंडीसैदा पुलिस ने इस केस में दराणी और उसकी जेठानी को गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया, जहां माननीय न्यायालय ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों अमृतसर देहाती क्षेत्र के पिंड घोगा में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक घर में भारी मात्रा में नशा और हथियार छिपाकर रखे गए हैं। इस सूचना के आधार पर थाना भिंडीसैदा पुलिस ने बीएसएफ के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया और संदिग्ध घर में रेड की। इस दौरान पुलिस और बीएसएफ की टीम ने मौके से करीब 25 किलो हेरोइन, दो पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से तस्करी कर लाई गई थी, जिसे आगे सप्लाई करने की तैयारी थी। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं—दराणी और उसकी जेठानी—को काबू किया था। आज दोनों आरोपियों को अजनाला अदालत में पेश किया गया, जहां सुनवाई के बाद माननीय जज ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। इस संबंध में थाना भिंडीसैदा के प्रमुख नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लाई चेन और पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर अहम खुलासे होने की पूरी संभावना है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में इस अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *