राजपुताना एंड सेंट्रल इंडिया कप 8 गोल टूर्नामेंट होगा आज:कांटेदार मुकाबले में कैवलरी-रॉयल इनफील्ड ने बेदला पोलो टीम को हराया, पद्मनाभ ने किए 3 गोल

जोधपुर पोलो ग्राउंड में चल रहे 25वें जोधपुर पोलो सीजन में एच.एच. महाराजा ऑफ जोधपुर कप (6 गोल) फाइनल मैच में कांटेदार मुकाबले में कैवलरी-रॉयल इनफील्ड ने बेदला पोलो टीम को हराते हुए कप अपने नाम किया। मैच समाप्ति तक समान स्कोर होने के कारण खेले गये अतिरिक्त चक्कर में कैवलरी टीम के सिमरन शेरगिल ने गोल्डन गोल किया। आज राजपुताना एंड सेंट्रल इंडिया कप 8 गोल टूर्नामेंट खेला जाएगा। जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के तत्वावधान में महाराजा गजसिंह स्पोर्ट्स फाउंडेशन पोलो मैदान, लेफ्टिनेंट जनरल एवीएम एच.एच. महाराजा उम्मेदसिंह जी एयरपोर्ट रोड़, पाबूपुरा में चल रहे 25वें जोधपुर पोलो सीजन में सोमवार 16 दिसम्बर को एच.एच. महाराजा ऑफ जोधपुर कप (6 गोल) टूर्नामेंट के फाइनल में बेदला पोलो व कैवलरी-रॉयल इनफील्ड टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों के शानदार खेल प्रदर्शन के कारण अन्तिम चक्कर तक दोनों ही टीमों के समान स्कोर सात-सात गोल होने के कारण पांचवे अतिरिक्त चक्कर का खेल खेला गया जिसमें कैवलरी टीम के सिमरन शेरगिल ने गोल्डन गोल कर अपनी टीम को कप दिला दिया।
मैच के दौरान जोधपुर पोलो के संरक्षण हिज हाईनेस महाराजा गजसिंह उपस्थित रहे। मैदान में उपस्थित मेहरानगढ़ बैन्ड व वन मैक मैकनाइज्ड पाईप आर्मी बैण्ड ने मैच से पूर्व मार्चपास्ट किया व मैच के मध्य अपनी सुमधुर धुनों से उपस्थित जनसमूह का खूब मनोरंजन किया। जोधपुर पोलो एवं इक्यूस्टेरियन इंस्टीट्यूट, जोधपुर के मानद सचिव इन्द्रजीत सिंह नाथावत ने बताया कि आज खेले गये फाइनल मुकाबले में बेदला टीम के सिद्धांत शर्मा कैवलरी टीम के सिमरन सिंह शेरगिल दोनों ने ही पांच-पांच गोल कर बेहद शानदार खेल का प्रदर्शन किया जिसके कारण मैच अन्तिम चक्कर तक रोमांचक बना रहा। बेदला पोलो टीम की ओर से खेलते हुए टीम के तीन हैण्डीकेप के खिलाड़ी सिद्धांत शर्मा ने पहले व तीसरे चक्कर में दो-दो गोल व चौथे चक्कर में एक गोल किया। चार हैण्डीकेप के साथी खिलाड़ी अर्जेन्टीना के फेड्रिको बोडो ने दूसरे चक्कर में एक व राव हिम्मत सिंह बेदला ने पहले चक्कर में एक गोल किया। मुकाबले में कैवलरी-रॉयल इनफील्डटीम के तीन हैण्डीकेप के खिलाड़ी सिमरनसिंह शेरगिल ने दूसरे चक्कर में लगातार तीन गोल, चौथे चक्कर में एक गोल व पांचवे अतिरिक्त चक्कर में विजयी गोल्डन गोल किया। साथी खिलाड़ी तीन हैण्डीकेप के ही जयपुर के सवाई पद्मनाभसिंह ने भी पहले, दूसरे व तीसरे चक्कर में एक-एक कुल तीन गोल किए। मैच के अम्पायर अर्जेन्टीना के निकोलस स्क्रोटीचीनी व उदय कलान थे। मैच के रैफरी अंगद कलान रहे। मैच की कांमेट्री राजवी शैलेन्द्र सिंह व दूसरे मैच की कांमेन्ट्री अंकुर मिश्रा ने सम्मिलित रूप से की।
जोधपुर राजपरिवार के मारवाड़ स्टड बालसमन्द लेक पैलेस के सजे-धजे मारवाड़ी अश्व राज सूरज का प्रदर्शन
मैच समाप्ति पर जोधपुर राजपरिवार के मारवाड़ स्टड बालसमन्द लेक पैलेस के सजे-धजे मारवाड़ी अश्व राज सूरज का प्रदर्शन किया गया। आकर्षक गहनों से सुसज्जित राज सूरज को देखकर मैदान में उपस्थित पोलो प्रेमियों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
मैच के दौरान मैच में ये भी रहे उपस्थित
मैच के दौरान मेजर जनरल नरपतसिंह राजपुरोहित, मेजर जनरल शेरसिंह, ब्रिगेडियर शक्तिसिंह, कर्नल भंवर सिंह खींची, कर्नल गिरेन्द्र सिंह दाखां, महेशकरण सिंह पाल, महाराज दुष्यन्त सिंह, महाराज सुमनसिंह, हर्षवर्धनसिंह भांवरी, दिग्विजयसिंह भांवरी, राघवेन्द्रसिंह झालामण्ड, सुमेरसिंह पाल व प्रो. भूपेन्द्रसिंह राठौड़ सहित अनेक देसी-विदेशी पोलो प्रेमी मैदान में उपस्थित थे।
राजपूताना एण्ड सेन्ट्रल इंडिया कप (8 गोल) टूर्नामेंट कल से-
मंगलवार 17 दिसम्बर से राजपूताना एण्ड सेन्ट्रल इण्डिया कप (8 गोल) टूर्नामेंट शुरु होगा। इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें पूल ‘ए‘ में जोधपुर, वी पोलो, बेदला चान्दना व पूल ‘बी‘ में जयपुर, धारीवाल टाइगर्स व इंडियन नेवी टीमें भाग ले रही हैं। 17 से 22 दिसम्बर के मध्य चलने वाले इस टूर्नामेंट के पहले दिन पूल ‘बी‘ में जयपुर व धारीवाल टाइगर्स टीमों के बीच दोपहर 3 बजे मैच खेला जायेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *