भिलाई| बिना वीवीपैट मशीन के नगर निगम चुनाव कराए जाने के कारण निर्वाचन को शून्य किए जाने और फिर से चुनाव कराए जाने की मांग जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग की अध्यक्ष और वार्ड 31 की पार्षद प्रत्याशी नीता जैन ने की है। गुरुवार को नीता जैन जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग के नाम एडीएम अरविंद एक्का को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के साथ ही उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली के निर्णय की कॉपी भी सौंपी है। नीता ने कहा है कि उच्चतम न्यायालय के निर्णय के तहत ईवीएम से चुनाव के दौरान वीवीपैट अति आवश्यक है, लेकिन दुर्ग निगम सहित जिले में हुए निकाय चुनाव में इसका उपयोग ही नहीं किया गया। जबकि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में वीवीपैट का उपयोग किया गया था। बिना वीवीपैट के चुनाव से गड़बड़ी होने की संभावना है। मात्र पर्ची बदलने से मतदान बदल जाएगा।


