भोपाल के बैरसिया क्षेत्र के 13 गांवों के लोग सोमवार को विधायक विष्णु खत्री के बंगले पर पहुंचे। उन्होंने विधायक से कहा कि गांवों में सूखे जैसी स्थिति है। इसलिए कालीसिंध, चंबल-पार्वती लिंक योजना में शामिल करके नहर से जोड़ा जाए। गुनगा, मनीखेड़ी, जैतपुरा, करोंदिया, उनिदा, कुटकीपुरा, कलारा, जूना पानी, पीपलखेड़ा, इजगिरी, रोडिया, कादमपुर और दिल्लौद के लोग विधायक खत्री के लालघाटी भोपाल स्थित निवास पर पहुंचे थे। गुनगा के सरपंच महेंद्र लोधी ने बताया, इन गांवों में पानी का स्रोत नहीं है। इस वजह से फसलों की पैदावार नहीं हो पाती। दूसरी ओर, गुनगा से 13 किमी दूर ही प्रोजेक्ट के तहत नहर निकलेगी। जिससे इन गांवों को जोड़ा जा सकता है। इसके बाद किसान गेहूं, चना, सरसो समेत अन्य फसलों और सब्जी की पैदावार कर सकेंगे। विधायक के घर के सामने ही बैठे
ग्रामीण अपनी मांग को लेकर विधायक खत्री के घर के सामने सड़क पर ही बैठ गए। विधायक ने भी उन्हें आगे कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सीहोर जिले के गांव शामिल हो चुके
ग्रामीणों ने विधायक खत्री को बताया कि पार्वती, कालीसिंध-चंबल लिंक योजना में सीहोर जिले की 110 पंचायतें शामिल हैं। यहां काम हो चुका है। यदि बैरसिया के इन गांवों को भी प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया जाएगा तो फसलों का उत्पादन बढ़ जाएगा। इसके अलावा पेयजल को लेकर भी कोई दिक्कत नहीं होगी। इस मौके पर गुनगा सरपंच महेंद्र लोधी, हकीम खान, संतोष लोधी, बने सिंह, जनपद सदस्य पतिराम राजपूत, बन्ने खां, हकीम खां, प्रेमनारायण साहू, मिठ्ठूलाल, अनिल लोधी, खुमान सिंह, गोपाल सिंह, इमरत सिंह आदि ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।


