भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर में सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदनाओं को सशक्त रूप देने वाले लायंस क्लब ने रविवार को एक नई पहल की। क्लब द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम गौ माता की सेवा के अंतर्गत शहर की यदुनाथ गौशाला में 125 गायों को सामूहिक रूप से रोटी, गुड़ और पौष्टिक सब्जियों का आहार कराया गया। सेवा भाव के जरिए लायंस क्लब के सदस्यों ने समाज में गौ संरक्षण और संवेदनशीलता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान गौ माताओं को रोटी, गुड़, टमाटर, फूल गोभी, पत्ता गोभी, बैंगन, आलू, केला सहित अन्य पौष्टिक आहार खिलाया गया। विशेष बात यह रही कि लायंस क्लब के कई सदस्यों और गौसेवकों ने अपने-अपने घरों से रोटी, गुड़ और सब्जियां लाकर सेवा में सहभागिता निभाई। कवर्धा शहर में कई दशक पुरानी है यदुनाथ गौशाला यदुनाथ गौशाला नगर की सबसे पुरानी गौशालाओं में से एक है। इसकी स्थापना आजादी से पूर्व कवर्धा रियासत काल में हुई थी। वर्षों से यह गौशाला निराश्रित और असहाय गायों के संरक्षण का केंद्र रही है। वर्तमान में यहां 125 गायें हैं, जिनकी देखभाल के लिए एक केयर टेकर नियुक्त है। गौ माता की आरती के साथ समापन, सेवा का संकल्प भी कार्यक्रम में समाजसेवी भरत केसरी, सुशीला श्रीश्रीमाल, बीपी गुप्ता, हरीश, कोमल गांधी, अजय गुप्ता, रामेश्वर गुप्ता, डॉ. बीएस चौहान, धनसुख पटेल, एमएल बांठिया, मनोज कुमार ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, बद्री चंद्रवंशी समेत अन्य का योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन गौ माता की आरती और सेवा संकल्प के साथ किया गया।


