खेल संसाधनों की कमी और सीमित सुविधाओं के बावजूद कवर्धा के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। इसी कड़ी में कवर्धा के तीन खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ टीम के लिए हुआ है, जो उज्जैन में आयोजित वेस्ट जोन राष्ट्रीय स्तरीय सॉफ्टबॉल सीनियर पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में अपना दम दिखाएंगे। मध्यप्रदेश के उज्जैन में 9 से 11 फरवरी तक राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता आयोजित है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कवर्धा के खिलाड़ी भूपेंद्र गढ़े, पिंटू सिन्हा और कलेश्वर निर्मलकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीनों खिलाड़ी 7 फरवरी को रायपुर रेलवे स्टेशन से उज्जैन के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी के कोच राजा जोशी ने बताया कि 1 फरवरी को रायपुर में नेशनल सलेक्शन ट्रायल हुआ था। ट्रायल में इन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर इनका सलेक्शन हुआ है। यह चयन केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि कवर्धा जैसे छोटे शहर में खेल संस्कृति के मजबूत होने का संकेत है। बताया गया कि नेशनल व इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन कर खिलाड़ी पदक भी जीत रहे हैं। छोटे शहर, जीत के लिए बड़ी तैयारी छीरपानी कॉलोनी मैदान कवर्धा में सीमित संसाधनों में नियमित अभ्यास, अनुशासन और सही मार्गदर्शन ने प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी खेल नर्सरी बनता जा रहा है। यही कारण है कि कवर्धा के खिलाड़ी लगातार राज्य टीमों में जगह बना रहे हैं। प्रशिक्षक राजा के अनुसार, अकादमी से हर साल बेसबॉल और सॉफ्टबॉल में खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं।


