नीमच की टीचर कॉलोनी में मंगलवार दोपहर हाई कोर्ट एडवोकेट सुरेंद्र पटवा के घर में चोरी की कोशिश हुई। वकील की बहादुरी और सूझबूझ की वजह से चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले दो साल में पटवा के घर को चौथी बार निशाना बनाया गया है। एडवोकेट सुरेंद्र पटवा दोपहर के समय अपने ऑफिस में काम कर रहे थे, तभी उन्हें घर के पिछले हिस्से में आहट सुनाई दी। जब वे देखने पहुंचे तो वहां दो अनजान युवक मौजूद थे। वकील ने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए चोरों को एक कमरे में बंद कर दिया और पड़ोसियों को बुलाने के लिए बाहर निकले। दरवाजा तोड़कर भागे चोर चोर करीब एक घंटे तक कमरे के अंदर कैद रहे, इस दौरान उन्होंने अलमारियां और सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। जैसे ही वकील मदद के लिए बाहर गए, चोरों ने दरवाजे पर जोरदार लात मारी और उसे तोड़कर वहां से भाग निकले। भागते समय हड़बड़ी में चोर अपनी चप्पलें भी वहीं छोड़ गए। 2 साल में चौथी वारदात, 50 लाख की हो चुकी है चोरी एडवोकेट पटवा ने बताया कि उनके घर में बार-बार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। पिछले दो सालों में चोर उनके घर से अब तक सोने-चांदी के जेवर और कैश मिलाकर करीब 50 लाख रुपए का माल साफ कर चुके हैं। पिछले अक्टूबर में ही उनके यहां 30 लाख रुपए की बड़ी चोरी हुई थी। सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी घटना की खबर मिलते ही कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली है, जिसमें दोनों आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।


