उदयपुर पहुंचने पर मनस्वी का स्वागत:23 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा, बर्फीली चोटियों के बीच भी बनाई रखी हिम्मत

उदयपुर की बेटी मनस्वी अग्रवाल ने दुनिया की ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहरा कर इतिहास रच दिया है। मनस्वी बुधवार को अपने शहर उदयपुर लौटीं, तो जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर उनके घर तक लोगों ने फूल बरसाए और ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी लाडली का अभिनंदन किया। मनस्वी ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी ‘विन्सन मैसिफ’ और दक्षिण अमेरिका की ‘अकोन्कागुआ’ पर फतह हासिल की है। करीब 23 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराने वाली मनस्वी राजस्थान की दूसरी ऐसी महिला बन गई हैं, जिन्होंने यह कारनामा कर दिखाया है। माता-पिता की आंखों में आए खुशी के आंसू
सुबह जब मनस्वी उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचीं, तो वहां का नजारा बेहद भावुक कर देने वाला था। करीब 3 महीने बाद अपनी बेटी को सामने देख पिता डॉ. टी.आर. अग्रवाल और माता सरोज गुप्ता की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने गले लगाकर बेटी का स्वागत किया। इसके बाद एमडीएस स्कूल के बच्चों ने उन पर फूलों की बारिश की। कड़कड़ाती ठंड और 80 की रफ्तार से चलती हवाएं
अपनी जीत की कहानी सुनाते हुए मनस्वी ने बताया कि यह सफर आसान नहीं था। अकोन्कागुआ चोटी पर 70 से 80 किलोमीटर की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल रही थीं। तापमान माइनस 30 से 50 डिग्री तक गिर गया था। हालात इतने मुश्किल थे कि दुनिया भर से आए 22 पर्वतारोहियों में से केवल 12 ही ऊपर तक पहुंच पाए। मनस्वी ने कहा कि ऐसे समय में शरीर से ज्यादा मन की मजबूती काम आती है। परिवार की हिम्मत से मिली जीत
मनस्वी ने कहा कि जब पहाड़ों पर जान जोखिम में होती है, तब परिवार का सपोर्ट ही सबसे ज्यादा काम आता है। कठिन समय में परिवार की बातें और देश के लिए कुछ करने का जज्बा हिम्मत देता है। मनस्वी का अगला लक्ष्य अब बाकी बचे महाद्वीपों की चोटियों को फतह करना है। 5 महीने में 4 महाद्वीपों को जीता
मनस्वी की यह उपलब्धि इसलिए भी बड़ी है क्योंकि उन्होंने मात्र 5 महीने के अंदर दुनिया के 4 बड़े महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह कर लिया है। इससे पहले वे यूरोप की ‘माउंट एलब्रस’ और अफ्रीका की ‘किलीमंजारो’ पर भी जीत हासिल कर चुकी हैं। जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
शहर के अलग-अलग चौराहों पर मनस्वी का अभिनंदन किया गया। राजस्थान विद्यापीठ के होम्योपैथी कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। भाजपा नेता मनोज जोशी, ओम पारीक और एडवोकेट मनन शर्मा सहित कई प्रबुद्ध लोग इस दौरान मौजूद रहे। प्रतापनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निधि अंकेक्षण विभाग के अधिकारियों ने भी मनस्वी का स्वागत किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *