राजस्थान पुलिस द्वारा बनाई गई राजकॉप सिटीजन मोबाइल एप महिला और युवतियों को अब खूब पसंद आ रहा है। पिछले 24 घंटे में 21 हजार से ज्यादा ने इस एप को डाउनलोड किया है। राजस्थान में अब तक 17.8 लाख से ज्यादा लोग इस राजकॉप सिटीजन एप को डाउनलोड कर चुके हैं। वहीं पुलिस मुख्यालय का दावा कि अब तक इस एप के जरिए 9 हजार से ज्यादा शिकायतों को हैंडल कर चुके। स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आईजी शरत कविराज ने बताया कि जयपुर के त्रिवेणी नगर में 12 फरवरी की सुबह कोचिंग छात्रा से बीच सड़क एक युवक द्वारा छेड़छाड़ की घटना के बाद यह एप चर्चा में आ गया। छात्रा ने एप की “मदद चाहिए” फीचर पर जैसे ही मैसेज भेजा, उसके बाद मात्र 3 मिनट के अंदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। इस ऐप में आम नागरिकों एवं महिलाओं की सहूलियत के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो काफी आसान और मददगार है। इस एप के जरिए आने वाली शिकायतों के विभिन्न पहलुओं की स्टडी कर उनके मुताबिक एनालिटिक्स विकसित किया जाएगा, जो आने वाले समय में अपराध नियंत्रण में मददगार साबित होगा। यह एप एंड्राइड और आईओएस दोनों ही ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है। इस एप में महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन, मेरा कोना, सेवाएं, संपर्क, निकटतम खोजें, जानकारी और सोशल मीडिया की सुविधाएं हैं। इस एप को एंड्राइड मोबाइल में गूगल प्ले स्टोर एवं आईफोन के एप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।


