जांजगीर | सक्ती जिले के टेमर क्षेत्र में बुधवार शाम युवक ने रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या की कोशिश की। भाटापारा निवासी 30 वर्षीय मुकेश पटेल गोंडवाना एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर खड़े हो गए। ट्रेन की धीमी गति ने बड़ी अनहोनी को टाल दिया, लेकिन मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार की शाम करीब 6:07 बजे टेमर समपार फाटक के पास हुई। खरसिया जा रही गोंडवाना एक्सप्रेस पर सवार ड्राइवर ने युवक को देखते ही इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। फिर भी मुकेश ट्रेन की चपेट में आ गया। उसका सिर बुरी तरह चोटिल हो गया, लेकिन सांस चल रही थी। स्थानीय लोगों और रेलवे स्टाफ ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद फाटक पर 12 मिनट तक ट्रेन रुकी रही।


