अजमेर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर एक युवक बाइक के टूल में अवैध अफीम छुपाकर तस्करी कर ले जा रहा था। बाइक स्लिप होकर दुर्घटनाग्रस्त होने पर अफीम तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने अफीम सहित बाइक को जब्त कर लिया। नसीराबाद सदर थाना प्रभारी अशोक बिशु ने बताया- मोतीपुरा पुलिया पर एक बिना नंबरी बाइक स्लिप होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और दुर्घटना में बाइक चालक घायल हो गया। सूचना मिलने पर थाने से पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल बाइक चालक ग्राम आंवला की ढाणी, बोरावड़, मकराना निवासी अनिल पुत्र मोहनराम जाट को स्थानीय राजकीय अस्पताल पंहुचाया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार देकर जेएलएन अस्पताल अजमेर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी बिशु ने बताया- मौके पर पंहुचे पुलिसकर्मियों को दुर्घटनाग्रस्त बाइक की जांच करने पर बाइक की सीट के नीचे बने टूल बॉक्स में प्लास्टिक की थैली में संदिग्ध पदार्थ भरा हुआ मिला। जिस पर पुलिस टीम ने उन्हें सूचित किया। थाना प्रभारी बिशु ने मय जाब्ते मौके पर पहुंचकर थैली में भरे काले रंग के गाड़े तरल पदार्थ की जांच की तो वह अफीम पाई गई। थैली में भरी 882 ग्राम अफीम को बाइक सहित जब्त कर पुलिस टीम थाने लेकर पंहुची। नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने घायल बाइक चालक अनिल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच नसीराबाद सिटी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दी। दूसरी ओर आरोपी घायल बाइक चालक के अस्पताल में भर्ती होने के कारण उसकी निगरानी के लिए पुलिसकर्मी को तैनात किया गया है तथा उसे अस्पताल से छुट्टी मिलने पर गिरफ्तार किया जाएगा। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद) पढें ये खबर भी… मादक पदार्थ तस्करी के फरार दो आरोपी पकडे़:एस्कोर्ट कर रही कार भी बरामद, दो पहले ही गिरफ्तार भिनाय थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की एस्कोर्ट में शामिल स्विफ्ट कार को भी बरामद किया है। पुलिस इस मामले में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार कर चुकी है। (पूरी खबर पढ़ें)


