ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड की महिलाओं ने ढाई करोड़ से अधिक पौधे लगाकर इतिहास रच दिया है। फलदार और उपयोगी पौधों के रोपण से न केवल हरियाली बढ़ी है, बल्कि ग्रामीण आजीविका भी सशक्त हुई है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह पूर्वी सिंहभूम की बोड़ाम पंचायत के माधवपुर में आरपीजी ग्रुप औरआई एमपीसीए द्वारा आयोजित पौधरोपण आधारित सतत आजीविका कार्यक्रम में बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि झारखंड की महिलाओं ने घर-निर्माण में उपयोगी लकड़ी, आम, बांस, आंवला तथा अन्य फलदार और औषधीय पौधों का चयन किया है, जिनका प्रत्यक्ष लाभ समाज को मिल रहा है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि झारखंड में विशेषकर जमशेदपुर क्षेत्र की महिलाएं आम के बागान विकसित कर निर्यात तक कर रही हैं।


