सिटी रिपोर्टर | भिलाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढौर में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए समारोह हुआ। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को सम्मान के साथ विदाई दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। 12वीं के छात्र-छात्राएं दक्षिण भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। समारोह की शुरुआत 12वीं के विद्यार्थियों के स्वागत से हुई। विद्यालय के मुख्य द्वार पर फूलमालाओं से उनका स्वागत कर सम्मानपूर्वक मंच तक लाया गया। फिर संस्था की प्राचार्या राबिया शाहिना ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई और उन्हें जीवन में ज्ञान की ज्योति निरंतर जलाए रखने का आशीर्वाद दिया। विशेष क्षण तब आया जब 12वीं के विद्यार्थियों ने प्रज्ज्वलित दीप 11वीं के छात्र-छात्राओं को सौंपते हुए ज्ञान और संस्कार की परंपरा आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत ढौर की सरपंच लता साहू रहीं। इस अवसर पर उपसरपंच घनश्याम मौजूद थे।


