भास्कर न्यूज | बालोद बीज प्रक्रिया केंद्र झलमला में वित्तीय वर्ष 2025-26 में धान बीज खरीदी में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। गड़बड़ी प्रमाणित होने के बाद कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने जिला प्रबंधक माधुरी बाला को कारण बताओ नोटिस जारी कर 16 फरवरी तक जवाब मांगा है। जिसके बाद आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) की ओर से जिला प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया है। जिसमंे डौंडीलोहारा के अनुविभागीय अधिकारी से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर उल्लेख किया गया है कि ग्राम खपराभाट तहसील मार्रीबंगला देवरी के किसान सोहन लाल कश्यप का बीज प्रक्रिया केंद्र झलमला एवं धान खरीदी केंद्र देवरी में 10.71 हेक्टेयर धान बोनी रकबा का पंजीयन हुआ है। एक ही पंजीकृत रकबे में बीज प्रक्रिया केंद्र झलमला एवं धान खरीदी केंद्र देवरी में समर्थन मूल्य पर धान बेचा गया है। कुल पंजीकृत रकबे में उत्पादन से अधिक मात्रा में दोनों स्थानों पर धान की बिक्री की गई है। जिसके लिए प्रथम दृष्टया जिला प्रबंधन को जिम्मेदार माना गया हैं। नोटिस में जिला प्रबंधक को स्पष्ट किया गया है कि धान का बीज फेल करने के बाद किसान के खाते में राशि अंतरण करना फिर शिकायत होने के बाद जांच के दौरान पुनः राशि वापस करना आपकी संलिप्तता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करता है। पंजीकृत रकबे में 350.40 क्विंटल धान खरीदी हुई किसान ने 21 नवंबर को पहला टोकन में 198.40 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदी केंद्र में बेचा है। 29 दिसंबर 2025 को किसान का धान रिजेक्ट करने के फलस्वरूप 152 क्विंटल धान दूसरा टोकन में खरीदी की गई है। इस प्रकार 6.75 हेक्टेयर पंजीकृत रकबे में कुल 350.40 क्विंटल धान की खरीदी की गई। 10 दिसंबर 2025 को 1263 बोरी धान बीज निगम में विक्रय के लिए भेजा गया। जिसमें से 909 बोरी धान बीज निगम झलमला में खरीदी के लिए प्रमाणित नहीं पाए जाने के कारण रिजेक्ट किया गया है। जिसकी जानकारी सोसायटी को दी गई है। जिसके आधार पर दूसरे टोकन में सोसायटी की ओर से 29 दिसंबर को धान खरीदी की गई है।


