खरगोन में रविवार सुबह मधुमक्खियों के झुंड ने मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा जिले के सेगांव क्षेत्र में सुबह करीब 9 बजे धवलिया बाड़ी फाटे के पास हुई। जब मजदूर दसनावल में मकान निर्माण कार्य के लिए जाने की तैयारी में थे। तभी अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घायल मजदूरों में गोविंद नाथू (18), विनय मंगल (17), लालू नाथू (17) जो कंचनपुरा के रहने वाले हैं और सेगांव निवासी सुभाष बंशीलाल (35) तथा बद्री गोविंद (60) शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शी अरुण वर्मा और घायल सुभाष के अनुसार, मधुमक्खियों का झुंड अचानक जंगल क्षेत्र से उड़ता हुआ आया और उन पर हमला कर दिया। प्रारंभिक उपचार सेगांव में किया गया, जिसके बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए खरगोन जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बनी हुई है, लेकिन उनके हाथ, पैर, गर्दन और मुंह में सूजन और जलन की शिकायत है। अस्पताल के डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।


