गंगापुर सिटी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को एक और दर्दनाक घटना सामने आई, जब ट्रक यूनियन शीतला कॉलोनी रेबा की मील के पास 10-12 आवारा कुत्तों ने 6 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। घटना में बच्चे को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित के पिता अय्यूब खान के अनुसार, रविवार को छुट्टी के दिन सुबह करीब 9 बजे उनका बेटा अबू बकर घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद एक महिला ने बच्चे को कुत्तों से बचाया। आसपास के लोगों और पड़ोसियों की सूचना पर पिता और अन्य परिजन भतीजा बिलाल कुरैशी आदि घायल को गर्वमेंट हॉस्पीटल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बच्चे की मरहम-पट्टी की और रेबीज के टीके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को छुट्टी दे दी गई। अबू बकर के पिता अय्यूब खान की मस्जिद के पास मीट की दुकान है। घटना से नाराज लोगों ने स्थानीय प्रशासन से नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।


