प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के चंद्रवरदाई नगर स्थित सेंटर पर रविवार को महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन किया गया। जिसमें धौलाभाटा केंद्र संचालिका बीके कल्पना और स्थानीय सेंटर प्रभारी बीके योगिनी ने ध्वजारोहण किया और केक काटा। बीके योगिनी ने निराकार शिव परमात्मा का परिचय देते हुए कहा कि एक शिव ही है जो हम सबके जीवन से हलाहल पीकर विषय विकारों से हमें छुड़ाते हैं। इस वर्ष शिवरात्रि पर हम सभी अंतर्मन का जागरण कर और किसी की बुराई ना देखने का व्रत करें। राजयोग अंतरात्मा को जाग्रत करता है। अपने घर पर जब हम कोई भी प्रकार का ध्वज फहराते हैं तो उसकी फड़फड़ाहट नकारात्मक ऊर्जा को हमसे दूर रखती है और परमात्मा शिव ध्वज को अपने घर पर फहराने से हम निरंतर शांति समृद्ध का अनुभव करते और सदैव परमात्मा की छत्रछाया में रहते हैं। इस अवसर पर जिगिशा और वंश ने शिवजी पर आधारित सुंदर नृत्यों की प्रस्तुति दी, जिसे देखकर सभी ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। सेवाकेंद्र पर उपस्थित बीके भाई बहनों ने झूमते हुए महाशिवरात्रि का पर्व मनाया। सभी ब्रह्मा वत्सों ने सेवा केंद्र पर योग तपस्या कर अपने अंदर नकारात्मक भाव को समाप्त करने का संकल्प लिया। बीके कल्पना ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


