किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 20 फरवरी को ट्रैक्टरों के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव करने के कार्यक्रम की किसान तैयारियों में जुटे हुए है। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत रविवार को किसानों ने मालियों की झोपड़िया में ट्रैक्टरों से रैली निकाली और गांव में ही प्रदर्शन किया।
इस दौरान किसान महापंचायत से जुड़े किसानों ने लोगों से 20 फरवरी को ज्यादा से ज्यादा घेराव कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया।
टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र के किसान महापंचायत प्रभारी भरत राज ने बताया कि एसएसपी कानून बनाने, फसलों को नष्ट करने वाले सुअरों से निजात दिलाने, 15 किलोमीटर की दूरी वाले घरेलू वाहन टोल मुक्त करने, बनास नदी से 20 किलोमीटर तक के क्षेत्र में बजरी रायल्टी मुक्त करने, मालियों की झोपड़ी में श्मशान भूमि आवंटित करने आदि मांगों को लेकर 20 फरवरी को किसान बड़ी संख्या में मालियों की झोपड़ी समेत अन्य गांवों से किसान ट्रैक्टरों के साथ कलेक्ट्रेट में पहुंचेंगे।
जहां किसान कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। घेराव को सफल बनाने के लिए किसान जुटे हुए है। इस कड़ी में आज दोपहर को मालियों की झोपड़िया में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। इस दौरान किसानों ने किसान जिंदाबाद, एसएसपी गारंटी कानून बनाओ आदि के नारे लगाएं। इस दौरान कजोड़ सैनी, छीतर, सीताराम मीणा, रामधन माली, पांचू मीणा ,गोपीलाल जाट आदि मौजूद रहे।


