दुर्ग यूनिवर्सिटी की मेरिट लिस्ट में अर्जुंदा कॉलेज की 3 छात्राएं शामिल

भास्कर न्यूज | बालोद शिक्षा के क्षेत्र में शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुंदा लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यहां की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन से पूरे जिले का मान बढ़ाया है। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की प्रावीण्य सूची (2023-24) में इस कॉलेज की तीन छात्राओं ने अपनी जगह बनाई है। समाजशास्त्र विभाग की छात्रा किरण निषाद ने तृतीय स्थान, मोनिका पटेल ने छठवां स्थान और शालिनी साहू ने आठवां स्थान प्राप्त किया है। पिछले सत्र 2022-23 में भी समाजशास्त्र विभाग की छात्रा यामिनी भारती ने विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष भी छात्राओं ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि समर्पण और लगन से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। छात्राओं की इस उत्कृष्ट सफलता से महाविद्यालय में हर्ष और उत्साह का माहौल है। अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए छात्राओं ने कहा कि यह उपलब्धि उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन, परिजनों के सहयोग और उनकी अपनी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास ही उनकी सफलता की कुंजी रही हैं। कॉलेज प्रबंधन ने भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *