भास्कर न्यूज | लुधियाना डीएवी पब्लिक स्कूल पक्खोवाल रोड लुधियाना ने इको क्लब के तहत वीरवार को हरिके पत्तन का शैक्षणिक भ्रमण किया। इसमें पर्यावरण जागरूकता और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 स्टूडेंट्स ने इस यात्रा में भाग लिया। वन्यजीव फोटोग्राफर असीम कुमार और गगन बेदी के मार्गदर्शन में आर्द्रभूमि सह पक्षी अभयारण्य की जानकारी हासिल की और जैव विविधता तथा प्रवासी पक्षियों के बारे में सीखा।उन्होंने क्षेत्र के सांस्कृतिक और पारिस्थितिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए गुरुद्वारा साहिब और संग्रहालय का भी दौरा किया। छह किलोमीटर की पदयात्रा के दौरान, हितधारक सक्रिय रूप से पक्षियों को देखने में लगे रहे और यूरेशियन कूट, ग्लॉसी आइबिस, नॉर्दर्न शॉवेलर, ग्रे-हेडेड स्वैम्पेन, पर्पल हेरॉन, व्हाइट एग्रेट, लिटिल कॉर्मोरेंट और मूरहेन जैसी प्रजातियों को देखा। यह परियोजना भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तहत पूरी की गई। स्कूल की तरफ से डॉ. केएस बाथ, संयुक्त निदेशक और डॉ. मंदाकिनी ठाकुर, परियोजना वैज्ञानिक, विज्ञान व पर्यावरण आउटरीच, पंजाब राज्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद, सेक्टर 26, चंडीगढ़ को उनके बहुमूल्य समर्थन और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। इको क्लब प्रभारी पूजा सिंह ने इस बात पर प्रकाश डाला कि इस तरह की शैक्षणिक यात्राएं व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं। प्रिंसिपल डॉ. सतवंत कौर भुल्लर ने इको क्लब के प्रयासों की सराहना की।


