पाली में घर से परीक्षा देने निकली एक कॉलेज स्टूडेंट बस से नीचे उतरते समय बस ड्राइवर की लापरवाही से नीचे गिरकर घायल हो गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। इलाज के लिए उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार सोजत निवासी 19 साल की ज्योति पुत्री लक्ष्मणराम कॉलेज में फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट है। घर से वह जाडन स्थित कॉलेज लिए रोडवेज बस से निकली। जाडन आश्रम के निकट बस से उतर ही रही थी कि ड्राइवर ने बस दौड़ा दी। जिससे बैलेंस बिगड़ने से वह नीचे गिर गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। साथी स्टूडेंट उसे तुरंत इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन भी बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। जहां उसका उपचार जारी है। रोडवेज बस ड्राइवर की लापरवाही को लेकर परिजनों ने रोष जताया।


