अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश के सह प्रभारी चंदन यादव सोमवार को अल्प प्रवास पर भिंड आए। इस दौरान पार्टी के नए जिला अध्यक्ष के चयन को लेकर रायशुमारी की। सर्किट हाउस में करीब छह घंटे तक चली इस रायशुमारी में उन्होंने प्रदेश समिति सदस्य, सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष, जिला समन्वय समिति के अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के प्रमुखों व प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान नए ऊर्जावान और मेहनती चेहरे को नेतृत्व देने पर परामर्श किया गया और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने पसंद के नाम भी बताए। फील्ड में मेहनत करने वालों को मिलेगा महत्व
मीडिया से चर्चा करते हुए चंदन यादव ने कहा, “जो फील्ड में मेहनत करेगा, उसे पार्टी में तवज्जो मिलेगी। कांग्रेस सर्वधर्म सद्भाव की विचारधारा पर काम करती है। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर योगदान देना होगा। पार्टी मेहनती कार्यकर्ताओं का पूरा ख्याल रखेगी और उन्हें उचित स्थान देगी।” बंद कमरे में हुई चर्चा
राष्ट्रीय सचिव यादव ने बंद कमरे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन मुलाकात की। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति पर सुझाव लिए। बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी भी पेश की। यादव ने स्पष्ट किया कि पार्टी उन्हीं कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाएगी जो जमीनी स्तर पर सक्रियता दिखा रहे हैं। इस बैठक में कांग्रेस के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें गोहद विधायक केशव देसाई, पूर्व विधायक मेवाराम जाटव, वरिष्ठ नेता मनोज देपुरिया, प्रदेश सचिव प्रमोद चौधरी, धर्मेंद्र सिंह भदौरिया पिंकी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, महिला जिलाध्यक्ष रेखा भदौरिया सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।


