भास्कर न्यूज |लुधियाना लंबे समय से चल रहे कर्मचारियों के समस्याओं को लेकर रेल कर्मचारियों ने आखिरकार चक्का जाम कर दिया। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के कर्मचारियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया और कई मांगों को लेकर सीनियर डीएमई फिरोजपुर के खिलाफ रोष जताया। इस प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए कामरेड सुशीला मीणा ने कहा कि मैकेनिकल विभाग में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। कार्यवाही न होने की वजह से कर्मचारियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसके अलावा स्टाफ की कमी के कारण कर्मचारियों को अधिक काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। कर्मचारियों की प्रमोशन रोकने और सीओएस की खाली पोस्ट को न भरने जैसे मुद्दों पर भी प्रदर्शन किया गया। कामरेड योगेश राणा ने बताया कि 6 फरवरी को सीनियर डीएमई फिरोजपुर के साथ मीटिंग में इन समस्याओं पर चर्चा की गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद कर्मचारियों ने मजबूरन प्रदर्शन का रास्ता अपनाया और रेल का चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन सुबह 8 बजे से लेकर 2:30 बजे तक चला। इस प्रदर्शन में कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए, जिनमें गौरव शर्मा, अशोक कुमार, घनश्याम सिंह, राजेश बग्गा, अमर सिंह, पलविंदर गरचा, गुरप्रीत सिंह, अजय कुमार, प्रदीप कुमार, प्रकाश और अन्य कर्मचारी थे। महिला विंग और यूथ विंग के सदस्य भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को जल्द हल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद कामकाज फिर से शुरू किया गया। रेल कर्मचारियों का यह आंदोलन प्रशासन को जगाने का प्रयास था, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।


