सीवर लाइनों में डाइंग इंडस्ट्रीज के अनट्रीटेड कचरे की डंपिंग की जांच करें : मंत्री

भास्कर न्यूज| लुधियाना लोकल बॉडीज मिनिस्टर डॉ. रवजोत सिंह ने स्मार्ट सिटी समेत अन्य प्रोेजेक्टों की समीक्षा कर समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए मासिक समीक्षा बैठकें होगी। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण पर सख्त एक्शन लंे। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। बुड्ढा दरिया में गोबर और इंडस्ट्रीज वेस्ट डालने से रोकने के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने सोमवार को जोन डी सभागार में अफसरों के साथ बैठक की। मिनिस्टर डॉ. रवजोत सिंह ने स्मार्ट सिटी मिशन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना, पशु जन्म नियंत्रण परियोजना आदि के तहत शुरू की जा रही परियोजनाओं सहित विभिन्न मदों के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अधिकारियों को स्थानीय विधायकों और पार्षदों को शामिल करने और निवासियों को लाभ पहुंचाने के लिए परियोजनाओं को क्रियान्वित करने का निर्देश दिया। शहर के प्रवेश मार्गों के सौंदर्यीकरण के लिए भी निर्देश जारी किए गए। अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।विकास कार्यों की गुणवत्ता के मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुड्ढा दरिया के कायाकल्प की परियोजना पर काम कर रहे ठेकेदार को डेयरी परिसरों में गलियों/सड़कों का पुनर्निर्माण करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि गोबर उठाने में कोई समस्या न हो। उन्होंने नगर निगम और पीपीसीबी को सीवर लाइनों में डाइंग इंडस्ट्रीज के अनट्रीटेड कचरे की डंपिंग पर नियमित जांच करने और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने 225 एमएलडी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में बैठक की। इसमें बुड्ढा दरिया में गोबर और औद्योगिक कचरा डंप करने पर रोक लगाने के लिए कहा गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे हैबोवाल और ताजपुर रोड डेयरी परिसरों में बायो-गैस प्लांट स्थापित होने तक डेयरी इकाइयों से गाय के गोबर को उठाना सुनिश्चित करें और उसे निर्धारित स्थलों पर डंप करें। पेडा उन प्लांटों की स्थापना पर काम कर रहा है जिनमें गाय के गोबर का उपयोग बायो-गैस उत्पन्न करने के लिए किया जाएगा। नगर निकाय पहले से ही डेयरी परिसरों से गाय का गोबर उठा रहा है और उसे डंप किया जा रहा है। अधिकारियों को डेयरी इकाइयों से गाय का गोबर उठाने के लिए एक निजी ठेकेदार को नियुक्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। नगर निकाय के अधिकारियों ने कहा कि ठेकेदार को काम पर रखने के लिए पहले ही निविदा जारी की जा चुकी है। स्नान घाट का मंत्री ने निरीक्षण किया: कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने ताजपुर रोड पर बुड्ढा दरिया के किनारे सांसद सीचेवाल के नेतृत्व में ‘कार सेवा’ के तहत बन रहे ‘स्नान घाट’ का भी निरीक्षण किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह और सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बुड्ढा दरिया का कायाकल्प करने के लिए प्रतिबद्ध है। वे उद्योग या डेयरी फार्मिंग के खिलाफ नहीं हैं किसी को भी बुड्द्धा दरिया में गोबर या अनुपचारित औद्योगिक कचरा डालने की इजाजत नहीं दी जा सकती। बैठक में विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर, विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू, विधायक अशोक पराशर पप्पी, विधायक राजिंदरपाल कौर छीना, एमसी कमिश्नर आदित्य डेचलवाल, एडीसी अमरजीत बैंस, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश पराशर, डिप्टी मेयर प्रिंस जौहर आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *